बिहार के सहरसा जिले के सोनबरसा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत अमृता गांव के वार्ड नंबर 14 में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमृता गांव निवासी धीरेन्द्र यादव के पुत्र चंदन कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि चंदन कुमार रोजाना की तरह रात में खाना खाने के बाद सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद आसपास सो रहे परिजनों ने उसे कई बार हिलाकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सोनबरसा राज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया।
बताया जाता है कि चंदन कुमार पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके पिता धीरेन्द्र यादव किसान हैं और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवक की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





