पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मी द्वारा रास्ते से धक्का दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में मामला गरमा गया है। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भी सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। विपक्ष का कहना है कि जब बिहार में एक मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है, तो आम आदमी के साथ प्रशासन का रवैया कैसा होगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
मामले को लेकर अब विशेष सुरक्षा दल (SSG), बिहार की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आधिकारिक सफाई दी गई है। SSG ने बताया है कि सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाए जाने की घटना को लेकर वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। इस मामले की जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि विशेष सुरक्षा दल के सुरक्षा कर्मियों द्वारा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करने के दौरान मानवीय भूल के कारण यह घटना हुई।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक, यानी पिछले करीब दो दशकों से विशेष सुरक्षा दल (SSG) की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही है।
विशेष सुरक्षा दल की इस सफाई के बाद मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आया है, लेकिन विपक्षी दलों के सवालों ने इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इस मामले पर आगे क्या रुख अपनाते हैं।





