सहरसा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश एवं जिला प्रशासन के आदेश के आलोक में सहरसा जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-327E एवं 107 पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान 30 जून तक लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन द्वारा पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण करने वाले 299 लोगों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सौर बाजार एवं सिमरी बख्तियारपुर के अंचल अधिकारी, सहरसा सदर एवं सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। अभियान की निगरानी जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन स्थानों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, वहां भी 30 जून तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित होटल, ढाबा, धर्मकांटा, निर्माण सामग्री विक्रेताओं एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा न करें। सभी वाहन अपने परिसर के भीतर ही पार्क किए जाएं, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग से मुक्त रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।





