सहरसा से पाटलिपुत्र जाने वाली जनहित एक्सप्रेस में एक जागरूक यात्री की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात नाकाम हो गई। मुरारी कुमार सिंह ने संदिग्ध गतिविधि कर रहे एक युवक को पकड़कर यात्रियों की मदद से काबू में लिया। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और RPF की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुरारी कुमार सिंह के अनुसार, ट्रेन रात करीब एक बजे सहरसा से खुली। खगड़िया जंक्शन पर कुछ युवक ट्रेन में सवार हुए, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। बेगूसराय के पास वे मोबाइल की टॉर्च जलाकर यात्रियों का सामान खंगालने लगे। ट्रेन खुलते ही वे एक बैग और दो मोबाइल लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुरारी कुमार सिंह ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया।
यात्रियों ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। बताया गया कि बरौनी स्टेशन पर RPF मिलेगी, लेकिन वहां कोई नहीं पहुंचा। दूसरी सूचना के बाद भी सुरक्षा बल नहीं मिला। आखिरकार तीसरी शिकायत के बाद शाहपुर पटोरी स्टेशन पर RPF पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया।
घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बावजूद सुरक्षा बल समय पर क्यों नहीं पहुंचा। यात्रियों ने रेलवे से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।





