सहरसा: नगर निगम क्षेत्र के लक्ष्मीनिया चौक से पॉलिटेक्निक थाना तक करीब 200 मीटर अधूरी सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब दो वर्ष पहले सड़क निर्माण कराया गया था, लेकिन लगभग 200 मीटर हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया। इसके कारण हल्की बारिश में भी सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो जाता है। जलजमाव की वजह से स्कूली बच्चों के गिरने, ई-रिक्शा पलटने और बाइक व अन्य वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर सहरसा नगर निगम की मेयर बैन प्रिया मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि जब तक तत्काल राहत कार्य शुरू नहीं होता, तब तक वह भी स्थानीय लोगों के साथ खड़ी रहेंगी।
मेयर के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने तुरंत पंपसेट लगाकर सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई। इसके बाद ईंट, गिट्टी, बालू और मिट्टी डालकर सड़क को अस्थायी रूप से आवागमन योग्य बनाया गया।
मौके पर मेयर बैन प्रिया ने घोषणा की कि अधूरे 200 मीटर हिस्से के आरसीसी सड़क निर्माण के लिए 15 दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
मेयर के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान लोगों ने “बैन प्रिया जिंदाबाद” के नारे भी लगाए। आश्वासन मिलने के बाद स्थानीय लोगों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया।





