सहरसा:जिले में परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को सदर अस्पताल से 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले परिवार नियोजन पखवाड़े का शुभारंभ किया गया।
सदर अस्पताल के ओपीडी परिसर में सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद ने उपाधीक्षक डॉ. एसके आजाद, डॉ. हरिशेखर भारती, प्रभारी डीपीएम सिंपी कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों की मौजूदगी में फीता काटकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और छोटे, स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी, निःशुल्क परामर्श तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस दौरान जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र और विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ परिवार और बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।





