जमीन से जुड़े हो सकते हैं मामला
सहरसा में करणी सेना के जिला अध्यक्ष कुमार सानू पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घायल कुमार सानू का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवक लूटपाट की नीयत से उनके घर में घुस आए और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की।

कुमार सानू के अनुसार, घटना के दौरान हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और उनके हाथ का ब्रेसलेट तथा गले की चेन छीन ली। उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए जब वह घर से बाहर भागे तो आरोपियों ने उनका पीछा किया और पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। किसी तरह वह मौके से निकलकर अपनी जान बचा सके।
घायल ने आरोप लगाया कि हमलावरों में विशाल, गौरव, ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ ज्ञानू और निर्भय कुमार शामिल थे। उनके साथ कुछ अन्य युवक भी थे, जिन्हें वह पहचान नहीं सके। कुमार सानू ने कहा कि आरोपियों से उनकी पहले कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुटी है। घटना के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता: इन्द्रदेव, सहरसा





