सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी रेलवे कॉलोनी निवासी पार्वती कुमारी, जो वर्तमान में सेविका के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित आवेदन दिया है। पीड़िता का आरोप है कि पति स्वर्गीय दीपक चौधरी की मृत्यु के बाद से उन्हें लगातार मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पार्वती कुमारी ने आवेदन में कहा है कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी संपत्ति हड़पने की नीयत से उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है तथा जान से मारने की साजिश भी रची जा रही है। मामले में महारानी देवी, दिलीप चौधरी, मीरा देवी, लिली दास, काशी नाथ दास उर्फ दुख्खू दास समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपित लोग उनके खिलाफ झूठी अफवाहें फैलाकर उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सौंपा जाएगा।
महिला ने सदर थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





