भारतीय जनता पार्टी सहरसा जिला इकाई की ओर से रविवार को जिलाध्यक्ष साजन शर्मा की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह के संचालन में स्वागत सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश झा ‘राजू’ एवं प्रदेश मंत्री तथा सहरसा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह का पाग, चादर, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से दोनों नेताओं का अभिनंदन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में सहरसा जिला प्रभारी सुनील जी, पूर्व जिला प्रभारी महादेव चौधरी तथा पूर्व जिलाध्यक्ष माधव चौधरी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने पर बल देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सामूहिक प्रयासों से भाजपा लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
प्रदेश महामंत्री राजेश झा ‘राजू’ ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश मंत्री दिवाकर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, मिहिर झा, बी.एन. सहनी, जिला मंत्री पंकज पाठक, मुकेश मानस, कुमार गौरव सिंह, विपिन कुशवाहा, मीडिया प्रभारी सुमित सिन्हा, कुमार अमरज्योति जायसवाल, प्रवक्ता अभिनंदन कुशवाहा, दिनेश तांती, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ‘सिद्धू’, मोर्चा अध्यक्ष अरविंद सिंह, सुबोध साह, सुरजीत कुशवाहा, सुगामणि देवी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ हुआ। नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत से सहरसा भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।





