सहरसा।पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय, कोशी क्षेत्र, सहरसा द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में संचालित इस विशेष अभियान में आम जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
डीआईजी कार्यालय की ओर से जारी हेल्पलाइन 9060384865 पर लोग नशा कारोबार से जुड़ी सूचनाएं दे रहे हैं, जिन पर सीधे डीआईजी के अनुश्रवण में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
डीआईजी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 जुलाई से 10 जुलाई 2026 के बीच अभियान के तहत 1008.935 लीटर अवैध शराब, 0.180 किलोग्राम गांजा, 14.93 ग्राम स्मैक, 212.5 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 712 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया।
इसके अलावा 10 मोटरसाइकिल, 3 चारपहिया वाहन, 1 ट्रक, 2 देशी कट्टा, 1 देशी मस्केट, 11 जिंदा कारतूस, मोबाइल, पासबुक, एटीएम कार्ड और लोहे की भट्ठी भी जब्त की गई। इस दौरान अवैध शराब के मामले में 11 तथा मादक पदार्थों के मामले में 4 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 50,217.015 लीटर अवैध शराब, 2,337.52 लीटर अवैध कफ सिरप, 3,974.257 किलोग्राम गांजा, 4,137.152 ग्राम स्मैक, 8,198 एमएल नशीला इंजेक्शन और 325 नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। साथ ही 2 विदेशी पिस्टल, 3 देशी कट्टा, 1 देशी मस्केट, 16 कारतूस, 5 कार, 1 ट्रक, 1 नाव तथा 52.83 लाख रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा और 27,570 नेपाली रुपये भी जब्त किए गए हैं। अभियान के दौरान अब तक 1,336 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि नशा कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से दें। यदि संभव हो तो फोटो या वीडियो भी साझा करें।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। कोशी क्षेत्र पुलिस ने नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में आमजन से सहयोग की अपील की है।





