#Saharsa, bihar सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक गल्ला व्यवसायी से पांच लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात कपसिया गांव के पास उस समय हुई जब व्यवसायी बैंक से रुपये निकालकर अपनी बेटी के घर पहुंचे थे। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पतरघट थाना क्षेत्र निवासी हरेन्द्र यादव (पिता- सीताराम यादव) मधेपुरा स्थित एक बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर अपनी चारपहिया वाहन से कपसिया गांव स्थित अपनी बेटी के घर जा रहे थे। जैसे ही वे बेटी के घर के सामने पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पतरघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा अपराधियों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पस्तपार थानाध्यक्ष विजय पासवान के साथ तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच टीम इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपराधियों को रुपये निकासी की पहले से जानकारी थी या फिर उन्होंने बैंक से ही व्यवसायी का पीछा किया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी
सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





