सहरसा: पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) कोशी क्षेत्र, सहरसा ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिलों में जनवरी 2026 से जून 2026 तक घटित महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं और पुलिस की उपलब्धियों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मधेपुरा सह प्रभारी एसपी सुपौल तथा पुलिस अधीक्षक सहरसा उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बैंक लूट, रोड लूट, फिरौती के लिए अपहरण, हत्या, दुष्कर्म सहित अन्य महत्वपूर्ण कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ, वाहनों एवं नकदी की बरामदगी की भी समीक्षा की गई।
सहरसा जिले में छह माह के दौरान रोड लूट की 20, फिरौती हेतु अपहरण की 1, हत्या की 16 तथा दुष्कर्म की 6 घटनाएं दर्ज हुईं। इस अवधि में पुलिस ने कुल 4,780 गिरफ्तारियां कीं। इसके अलावा 80 अवैध हथियार, 5,145 लीटर देसी शराब, 8,207 लीटर विदेशी शराब, 1.2 किलोग्राम स्मैक, 45.8 किलोग्राम गांजा, 1,494.2 लीटर कोरेक्स, 172 वाहन तथा 8,26,490 रुपये नकद बरामद किए गए।
सुपौल जिले में रोड लूट की 12, हत्या की 18 तथा दुष्कर्म की 4 घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने कुल 3,719 गिरफ्तारियां कीं। इस दौरान 39 अवैध हथियार, 27,178 लीटर देसी शराब, 12,103 लीटर विदेशी शराब, 309 ग्राम स्मैक, 3,159.5 किलोग्राम गांजा, 1,253.9 लीटर कोरेक्स तथा 54,72,434 रुपये नकद बरामद किए गए।
मधेपुरा जिले में रोड लूट की 20, फिरौती हेतु अपहरण की 3, हत्या की 35 तथा दुष्कर्म की 11 घटनाएं दर्ज हुईं। पुलिस ने कुल 2,826 गिरफ्तारियां कीं। साथ ही 62 अवैध हथियार, 2 अवैध गन फैक्ट्री, 4,678 लीटर देसी शराब, 3,300 लीटर विदेशी शराब, 1.4 किलोग्राम स्मैक, 151 किलोग्राम गांजा, 351 लीटर कोरेक्स तथा 81 वाहन बरामद किए गए।
बैठक के अंत में डीआईजी ने तीनों जिलों के पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की अधिक से अधिक गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी जिलों में लगातार विशेष अभियान चलाए जाएं और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।





