सहरसा जिले के कासनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भस्ती बिनटोली गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भस्ती बिनटोली वार्ड संख्या-4 निवासी सिंटु महतो (31 वर्ष) अपने खेत में बीज की सिंचाई एवं बिचड़ा तैयार करने के लिए गए थे। इसी दौरान वह खेत में लगे मोटर को बिजली की लाइन देने का प्रयास कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी क्रम में अचानक उन्हें तेज बिजली का करंट लग गया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए।
घटना के समय खेत में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके कारण काफी देर तक वह वहीं पड़े रहे। बाद में जब परिजन खेत पहुंचे तो उन्हें अचेत अवस्था में देखकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सिंटु महतो विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी सहित दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेती-किसानी के दौरान बिजली से जुड़े कार्यों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।





