सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोसी’ अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा के अनुश्रवण में बीते सप्ताह अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान 1275.555 लीटर अवैध शराब, 283.65 किलोग्राम गांजा और 187.66 ग्राम स्मैक समेत विभिन्न मादक पदार्थ एवं वाहन बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान शराब के मामले में 85 और सूखा नशा के मामलों में 20 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 के बीच अवैध कफ सिरप, नशीले इंजेक्शन और अन्य मादक पदार्थ भी बरामद किए गए। इसके अलावा 12 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन और एक नाव जब्त की गई।
फरवरी से अब तक 2343 तस्कर गिरफ्तार
फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोसी क्षेत्र में कुल 2343 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस दौरान 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4317.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 7260.705 किलोग्राम गांजा और 8284.552 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा 13,042 एमएल नशीले इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, वाहन एवं अन्य सामान जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 61,63,252 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है।
हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने आम लोगों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर **9060384865** पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से देने की अपील की है। सूचना में कारोबारी का नाम, पता, कारोबार का स्थान और संभव हो तो फोटो या वीडियो भी साझा किया जा सकता है।
सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा
पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अभियान में विशेष उपलब्धि दिलाने वाली सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। कोसी क्षेत्र पुलिस ने नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।





