एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर घर लौट रही थी महिला, बाइक सवार युवक भी घायल; पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सहरसा। जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतका की पहचान बलवाहाट थाना क्षेत्र के खजूरी मटियानी वार्ड संख्या-13 निवासी स्वर्गीय रघु मुखिया की 78 वर्षीय पत्नी बलिया देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार को बलिया देवी अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर बलही स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में रुपये निकालने गई थीं। बैंक से पैसे निकालकर घर लौटने के दौरान जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलिया देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। खून से लथपथ अवस्था में उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक सवार युवक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि उसका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, बलिया देवी के चार संतान हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। सभी की शादी हो चुकी है। उनके पति रघु मुखिया की करीब दस वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी।
इस संबंध में बलवाहाट थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





