कोसी की आर्द्रभूमियों में बढ़ी प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट, जैव विविधता का सर्वे शुरू

मत्स्यगंधा झील सहित सहरसा और मधेपुरा के जलाशयों में पक्षियों, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की प्रजातियों की होगी पहचान, वैज्ञानिक तरीके से तैयार होगा रिकॉर्ड

सहरसा। सर्दियों की दस्तक के साथ ही कोसी क्षेत्र के जलाशयों और आर्द्रभूमियों में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। इसे देखते हुए वन विभाग ने सहरसा और मधेपुरा जिले की प्रमुख आर्द्रभूमियों में जैव विविधता का सर्वेक्षण शुरू करने की पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार को वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) भरत चिंतपल्ली ने शहर स्थित मत्स्यगंधा झील का भ्रमण कर वहां मौजूद प्रवासी पक्षियों, वनस्पतियों और अन्य जीव-जंतुओं का अवलोकन किया।


डीएफओ ने बताया कि विभाग की ओर से दोनों जिलों में ढाई हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाली आर्द्रभूमियों को सर्वे में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान केवल प्रवासी पक्षियों की ही पहचान नहीं होगी, बल्कि मेंढक, कछुए सहित अन्य जीव-जंतुओं और विभिन्न वनस्पतियों की प्रजातियों का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। हाल ही में कोसी नदी के दौरे के दौरान टीम को रेडशैंक नामक दुर्लभ पक्षी दिखाई दिया था। इसके अलावा पलास गल, बार-हेडेड गूज और कुछ प्रजातियों के ईगल भी देखे गए।


उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने के साथ आने वाले महीनों में प्रवासी पक्षियों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। ऐसे में क्षेत्र की जैव विविधता का अधिक से अधिक दस्तावेजीकरण करना जरूरी है, ताकि यहां मौजूद प्रजातियों की सही जानकारी मिल सके।


यह पहल बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड के नए इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है। इसके लिए बीएन मंडल विश्वविद्यालय से जूलॉजी विषय में पीएचडी कर रहे शोधार्थी शंकर को परियोजना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फील्ड सर्वेक्षण में वन विभाग के वनरक्षी और वनपाल भी उनके साथ रहेंगे तथा आवश्यक सहयोग करेंगे।


डीएफओ भरत चिंतपल्ली ने कहा कि जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। जब तक हम अपनी जैव विविधता और यहां मौजूद प्रजातियों को समझेंगे नहीं, तब तक उनका प्रभावी संरक्षण संभव नहीं होगा। इसलिए अधिक से अधिक प्रजातियों की पहचान कर उनका वैज्ञानिक तरीके से दस्तावेजीकरण करना संरक्षण की दिशा में पहला कदम है।

Related Posts

नीतीश कुमार का बिहार और देश की राजनीति में रहा है अहम योगदान : विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार

नीतीश कुमार का बिहार और देश की राजनीति में रहा है अहम योगदान : विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार

सहरसा में विद्यार्थी सहयोग शिविर का जायजा लेने पहुंचे DM, बच्चों से किया संवाद,

सहरसा में विद्यार्थी सहयोग शिविर का जायजा लेने पहुंचे DM, बच्चों से किया संवाद, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग और ऑनलाइन पाठ्यक्रम से जोड़ने का दिया निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *