नीतीश जनसंवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए बोले विधानसभा अध्यक्ष, शिक्षा, ऊर्जा, सड़क और उद्योग के विकास से बिहार बनेगा विकसित राज्य
सहरसा। जिला परिषद स्थित पूजा रिजॉर्ट हॉल में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से आयोजित सुशासन दिवस एवं नीतीश जनसंवाद कार्यक्रम की बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न पदों पर रहते हुए बिहार के विकास में अहम योगदान दिया है।
प्रेम कुमार ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे, उस समय नीतीश कुमार उनकी सरकार में रेल मंत्री थे। रेल मंत्री के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने राज्य के हर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, ऊर्जा, सड़क सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिहार का चौमुखी विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि नीतीश जनसंवाद जैसे कार्यक्रमों से बिहार को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित बिहार के सपने एवं संकल्प को पूरा करने की दिशा में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण साबित होंगे। आज बिहार में शिक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है तथा सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
रोजगार और उद्योग के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के माध्यम से विभिन्न जिलों में उद्योग स्थापित करने की पहल की जा रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं के पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर डबल इंजन की सरकार के तहत बिहार को विकसित बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। दोनों सरकारों की प्राथमिकता बिहार का सर्वांगीण विकास करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अशोक राम, जिला कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व विधायक विद्यासागर निषाद, पूर्व विधायक सह जदयू जिलाध्यक्ष गुंजेश्वर साह, युवा जदयू जिलाध्यक्ष कुंदन राय, उपाध्यक्ष संजीव कुमार पटेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गणेश कुमार गौरव पान ने किया।





